मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर हिमेश रेशमिया की गाड़ी का हुआ एक्सिडेंट

बॉलीवुड एक्टर और सिंगर हिमेश रेशमिया की कार के एक्सीडेंट की खबर सामने आ रही है | बताया जा रहा है कि हादसा मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर हुआ | एंटरटेनमेंट पोर्टल स्पॉट बॉय पर छपी खबर की मानें तो इस एक्सीडेंट में हिमेश रेशमिया के ड्राइवर राम रंजन गंभीर रूप से घायल हुए हैं | वहीं हिमेश को लेकर अभी कोई अपडेट नहीं है | हिमेश रेशमिया ने बॉम्बे टाइम्स को मैसेज में बताया कि जिस कार में एक्सीडेंट हुआ, उसमें वह मौजूद नहीं थे। ड्राइवर के पैर में चोट आई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह उनके पापा का ड्राइवर है। 45 साल के हिमेश रेशमिया बॉलीवुड का जाना पहचाना चेहरा हैं। उनके गाने खूब पसंद किए जाते हैं।
हिमेश को सलमान खान ने ब्रेक दिया था और वह इसका अहसान मानते हैं। हिमेश ने सलमान खान की फिल्म जब प्यार किया तो डरना क्या से डेब्यू किया था। हाल ही में बीते साल टीवी एक्ट्रेस सोनिया कपूर से दूसरी शादी की थी। दोनों लगभग 8 साल तक लिव इन रिलेशन में रहे थे। हिमेश ने साल 2016 में अपनी पहली वाइफ से तलाक लिया था। हिमेश इन दिनों सोनी चैनल में प्रसारित होने वाले रियलिटी शो सुपर स्टार सिंगर को जज कर रहे हैं। फिलहाल इस शो के लिए टॉप-16 प्रतिभागियों का चयन किया जा रहा है। हिमेश के साथ अलका याग्निक और जावेद अली भी इस शो के जज हैं। इससे पहले वह सारेगामापा लिटिल चैंम्प्स, द वॉयस ऑफ इंडिया किड्स को भी जज कर चुके हैं।